सोनीपत: पुश्तैनी गहनों की नीलामी रोकने काे मांगी जमानत की याचिका खारिज

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: पुश्तैनी गहनों की नीलामी रोकने काे मांगी जमानत की याचिका खारिज


सोनीपत, 28 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत पुश्तैनी सोने के गहनों को नीलाम होने से बचाने की

दलील देकर 15 दिन की अंतरिम जमानत मांग रहे धोखाधड़ी के आरोपी जुनैद को जिला अदालत

से झटका लगा है। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के मामले में आरोपी की

जमानत याचिका अपर सत्र न्यायाधीश सुभाष चंद्र की अदालत ने शुक्रवार को खारिज कर दी।

गन्नौर थाना पुलिस ने प्राथमिकी संख्या 330, वर्ष 2025 के

तहत जुनैद और उसके साथियों के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने

का मामला दर्ज किया था। आरोप है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले सुनील कुमार के फर्जी एग्रीमेंट

के आधार पर पासपोर्ट बनवाया गया और पुलिस सत्यापन भी करवा लिया गया।

आरोपी के खिलाफ

बरोदा थाने में प्राथमिकी संख्या 359/2024 और रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में प्राथमिकी

संख्या 71/2025 भी दर्ज होने की बात सामने आई है। बचाव पक्ष के वकील ने अदालत में दलील

दी कि गिरफ्तारी से पहले जुनैद ने कानूनी खर्च और पारिवारिक जरूरतों के लिए अपने पुश्तैनी

सोने के गहने मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड के पास गिरवी रखे थे। वित्तीय संस्थान की खुर्जी

खास शाखा, दिल्ली की ओर से 22 अक्टूबर को नीलामी का नोटिस जारी किया गया है।

इसके अनुसार,

15 दिसंबर 2026 तक 48 हजार 358 रुपये और ब्याज जमा नहीं कराने पर 16 दिसंबर को खुर्जी

खास तथा 28 दिसंबर को मयूर विहार फेज-3 शाखा में गहनों की सार्वजनिक नीलामी की जाएगी।

बचाव पक्ष का कहना था कि गहनों का परिवार के लिए भावनात्मक और सांस्कृतिक महत्व है।

उन्हें छुड़ाने तथा वित्तीय संस्थान से संपर्क करने के लिए 15 दिन की अंतरिम जमानत

दी जाए।

वहीं, सरकारी वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि मामले

में अभी सार्वजनिक गवाहों की गवाही बाकी है। आरोपी के बाहर आने पर गवाहों को धमकाने

की आशंका है। वित्तीय संस्थान ने लिखित रूप से बताया है कि प्राधिकार पत्र के जरिए

परिवार का कोई सदस्य, माता-पिता, नामित व्यक्ति या पत्नी समरीन अधिकारी से संपर्क कर

नीलामी की तारीख आगे बढ़वा सकता है या उसे रुकवा सकता है। आरोपी जेल से फोन के जरिए

भी पैसों की व्यवस्था कर सकता है। दोनों पक्षों को सुनने और मामले के तथ्यों का अवलोकन

करने के बाद अदालत ने अंतरिम जमानत देने का कोई उचित आधार नहीं माना और जुनैद की याचिका

खारिज कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story