हरियाणा सरकार ने बादशाह के गीत के खिलाफ दिए जांच के आदेश

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने रैपर बादशाह के विवादित गीत टटीरी के खिलाफ जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस संबंध में शिक्षा, परिवहन तथा पुलिस विभाग से रिपोर्ट मांग ली गई है। हरियाणा के संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा ने शुक्रवार को विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।

शुक्रवार को दिन के समय हरियाणा महिला आयोग की तरफ से बादशाह को नोटिस जारी किया गया था। बादशाह के गीत टटीरी की शूटिंग जींद जिले में हुई है। महीपाल ढांडा ने कहा कि यह मामला दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रकार का गायन परोसकर हरियाणा की संस्कृति का मजाक बनाया जा रहा है। इस संबंध में सरकार ने कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस को भी जांच के लिए बोला गया है।

ढांडा ने बताया कि यह मामला सामने आने के बाद आज उन्होंने गीत को देखा है। इसमें एक दृश्य में हिंदी वर्णमाला लिखी हुई दिखाई देती है और वह कोई पाठशाला है। इस संबंध में भी शिक्षा विभाग से रिपोर्ट मांग ली गई है।

उन्होंने बताया कि इस गीत में हरियाणा रोडवेज की एक बस पर छात्राओं का चढक़र नाचते हुए दिखाया गया है। जिसके चलते परिवहन विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है कि यह बस किस डिपो की है और चालक व परिचालक कौन थे। जिन्होंने यह बस वहां पर खड़ी की है। बिना मंजूरी के शूटिंग में बस व स्कूल का कैसे इस्तेमाल किया गया है यह जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story