हिसार : नशे के खिलाफ गांव-गांव पहुंची पुलिस, चार नशा पीड़ितों को घर पर पहुंचाई आयुर्वेदिक दवा
महलसरा से अग्रोहा तक चला जागरूकता अभियान, नशा पीड़ितों और परिजनों से संवाद
कर इलाज के लिए किया प्रेरित
हिसार, 29 अगस्त (हि.स.)। नशे के खिलाफ जिला पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार
जारी है। पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने शनिवार को जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर
ग्रामीणों, नशा पीड़ितों और उनके परिजनों से संवाद किया तथा नशे के दुष्प्रभावों के
प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान टीम ने चार नशा पीड़ितों के घर पहुंचकर उन्हें
पहली बार आयुर्वेदिक दवा भी उपलब्ध करवाई और नशे की लत से बाहर निकलने के लिए उपचार
जारी रखने को प्रेरित किया।
पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने महलसरा, सदलपुर, मोठसरा, खैरमपुर, अग्रोहा और असरावा
गांवों का दौरा किया। टीम ने गांवों में सरपंचों, ग्रामीणों और नशा पीड़ितों के परिवारों
से बातचीत कर क्षेत्र में नशे की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई। नशे की गिरफ्त
में आए लोगों को लत छोड़ने और चिकित्सकीय उपचार लेने के लिए प्रेरित किया गया। टीम
प्रभारी उप निरीक्षक हवा सिंह ने ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक और मानसिक
नुकसान के साथ इसके सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने
युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का
आह्वान किया। साथ ही गांवों में सक्रिय नशा तस्करों और नशे की बिक्री से जुड़ी गतिविधियों
की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।
अभियान के दौरान असरावा, महलसरा, सदलपुर, अग्रोहा और हिसार क्षेत्र के कुल
चार नशा पीड़ितों के घर जाकर उन्हें पहली बार आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध करवाई गई। टीम
ने परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें उपचार के दौरान नशा पीड़ितों का सहयोग करने तथा
उनका मनोबल बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
नशा तस्करों की जानकारी पुलिस को देने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की
है। उन्होंने कहा कि यदि आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से पीड़ित है तो उसे नशा छोड़ने
और उपचार करवाने के लिए प्रेरित करें। वहीं क्षेत्र में नशे की तस्करी या बिक्री से
संबंधित कोई जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल उपलब्ध करवाएं, ताकि नशे के कारोबार
पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

