जींद: गली में होर्न बजाने को लेकर व्यक्ति की हत्या का आरोपित गिरफ्तार
जींद, 05 नवंबर (हि.स.)। अलेवा पुलिस ने गांव बधाना में गली में होर्न बजाने को लेकर एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपित से पूछताछ कर रही है।
गुरूवार को थाना अलेवा प्रभारी निरीक्षक पूर्णदास ने बताया कि गांव बधाना निवासी मोहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि गत 30 अक्टूबर को गांव का ही रवि उसके भाई सोहन के घर के सामने से गुजरते समय बार-बार अपनी बाइक का होर्न बजा रहा था। जब इस बात का उसके भाई ने विरोध किया गया तो विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के रवि, दिनेश, रघुबीर, अमन, प्रवीण, चांदवीर, वजीर, कुलदीप और महिला बबली एकजुट होकर हथियारों के साथ आ गए। जिसने सोहन और उसके परिवार के सदस्यों पर लाठी, जैली और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल सोहन को परिजनों ने जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान सोहन ने गत रविवार को दम तोड़ दिया था। पुलिस ने मृतक के भाई मोहन की शिकायत पर एक महिला सहित नौ लोगों को नामजद कर हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए गांव बधाना निवासी रवि, दिनेश तथा वजीर को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस पूछताछ में गांव बधाना के रघबीर का नाम उभर कर सामने आया। जिस पर पुलिस ने रघबीर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

