सोनीपत:एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में क्षेत्र के पहलवानों का कांस्य पदक

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत:एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में क्षेत्र के पहलवानों का कांस्य पदक


सोनीपत, 09 अप्रैल (हि.स.)। किर्गिस्तान

की राजधानी बिश्केक में 6 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित सीनियर एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप

में क्षेत्र के दो पहलवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर देश का

गौरव बढ़ाया। गन्नौर के गांव डबरपुर निवासी अर्जुन पुरस्कार विजेता पहलवान सुनील कुमार

ने 87 किलोग्राम ग्रीको रोमन वर्ग में शानदार मुकाबले जीतते हुए तीसरा स्थान प्राप्त

किया।

इस उपलब्धि

की खबर मिलते ही गांव डबरपुर में खुशी का माहौल बन गया। परिवार और ग्रामीणों ने मिठाई

बांटकर खुशी व्यक्त की। गांव के लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।

मां अनीता देवी और भाई सुमित कुमार ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि भविष्य में सुनील

कुमार से स्वर्ण पदक की उम्मीद है।

रेलवे

कुश्ती कोच और अर्जुन पुरस्कार विजेता कृपाशंकर बिश्नोई ने गुरुवार को बताया कि सुनील कुमार सीनियर

एशियाई चैंपियनशिप में अब तक छह पदक जीत चुके हैं। इन पदकों में एक स्वर्ण, एक रजत

और चार कांस्य पदक शामिल हैं। यह उपलब्धि निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम

है। ग्रामीणों ने कहा कि सुनील की सफलता से क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने

की प्रेरणा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story