सिरसा: युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति: कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति: कुलपति


सिरसा, 09 सितंबर (हि.स.)। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता पैदा करने में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था को भी कमजोर करता है।

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे गांवों में जाकर लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के सामूहिक प्रयास से ही नशे के खिलाफ एक प्रभावी सामाजिक आंदोलन खड़ा किया जा सकता है। कुलपति बुधवार को सीडीएलयू परिसर से नशा विरोधी जन जागरूकता रैली को रवाना से पूर्व विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।

सेंटर फॉर रूरल स्टडीज के निदेशक डॉ. रविंद्र ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यार्थी जिले के गांव बाजेका एवं कंगनपुर में लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही ग्रामीणों को एचआईवी/एड्स तथा यौन संचारित संक्रमणों (एसटीआई) के प्रति भी आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों द्वारा डोर-टू-डोर जागरूकता गतिविधियों एवं जनसंवाद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

गौरतलब है कि ‘सघन आईईसी अभियान-2026’ का आयोजन हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में स्वास्थ्य विभाग सिरसा एवं चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय द्वारा आगामी 10 अक्टूबर तक किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स एवं एसटीआई के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story