हिसार : विवाह से पूर्व थैलेसीमिया की जांच करवाने को महत्व दें किशोरियां : डॉ. सुशील गर्ग
हकृवि द्वारा गांव धांसू में थैलेसीमिया पर जागरूकता
कार्यक्रम आयोजित
हिसार, 04 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग द्वारा
थैलेसीमिया जैसी गंभीर अनुवांशिक रोग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए गांव धांसू
में बुधवार एक विशेष थैलेसीमिया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामान्य अस्पताल के
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील गर्ग इसमें मुख्य अतिथि रहे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता
खाद्य एवं पोषण विभागाध्यक्ष डॉ. वीनू सांगवान ने की। कार्यक्रम में 16 से 18 आयु वर्ग
की किशोरियों ने बढ़ चढक़र भाग लिया। यह कार्यक्रम सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की
सहायक वैज्ञानिक डॉ. वर्षा सैनी द्वारा आयोजित किया गया।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील गर्ग ने अपने
संबोधन में कहा कि थैलेसीमिया एक गंभीर अनुवांशिक रक्त विकार है जो माता-पिता से बच्चों
में स्थानांतरित होता है। उन्होंने इसके प्रमुख कारणों, लक्षणों, जांच की विधियों,
उपचार एवं रोकथाम के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि समय पर जांच से
सही परामर्श एवं जन जागरूकता से इस बीमारी की गंभीरता को काफी हद तक रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ वीनू सांगवान ने अपने
संबोधन में थैलेसीमिया रोग की रोकथाम में संतुलित एवं पौष्टिक आहार की भूमिका पर विशेष
बल दिया। सहायक
वैज्ञानिक डॉ. अनु एवं शोधार्थी मधुसमिता ने उपस्थित किशोरियों एवं प्रतिभागियों को
थैलेसीमिया से संबंधित जानकारी वाले पेम्फलेट एवं लीफलेट वितरित किए गए, जिनके माध्यम
से रोग के कारणों, लक्षणों, जांच एवं बचाव के उपायों को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया
गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

