कैथल: ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 15 लाख रुपये ठगे, फर्जी वीजा-टिकट थमाए

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। विदेश भेजने के नाम पर गांव भालंग निवासी एक युवक से 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को ऑस्ट्रेलिया का फैमिली वीजा दिलाने का झांसा देकर रुपये ऐंठ लिए और बाद में फर्जी वीजा व टिकट थमा दिए। राजौंद थाना पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर जालंधर निवासी आरोपी के खिलाफ बुधवार काे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव भालंग निवासी सेवा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा रविंद्र विदेश जाना चाहता था। सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी बातचीत पंजाब के जालंधर स्थित अमन नगर निवासी विक्की से हुई। आरोपी ने विदेश भेजने का काम करने की बात कही। अगस्त 2024 में आरोपी ने उन्हें कैथल के ट्रैफिक पार्क में बुलाया और ऑस्ट्रेलिया का फैमिली वीजा दिलाने के लिए 20 लाख रुपये मांगे। इस पर उन्होंने पांच लाख रुपये और जरूरी दस्तावेज दे दिए।शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने एक महीने के भीतर वीजा दिलाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में अलग-अलग बहाने बनाकर कुल 15 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद वीजा और टिकट दिए गए, जो जांच में फर्जी पाए गए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ब्याज सहित पैसे लौटाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन अब उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया है। राजौंद थाना के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story