सोनीपत में फिल्म निर्माता अमित जानी को हथियार दिखाकर गाड़ी रुकवाने का प्रयास
सोनीपत, 19 अक्टूबर (हि.स.)। सोनीपत
में राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवडू गांव के सामने फिल्म निर्माता अमित जानी की गाड़ी
का पीछा कर हथियार दिखाकर रुकवाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना रविवार रात
करीब नौ बजे की बताई गई है। अमित जानी के साथ फिल्म निर्देशक भारत सिंह श्रीनेत समेत
कई लोग सवार थे। अमित जानी को केंद्र सरकार की ओर से वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई
है। उन्होंने घटना के तुरंत बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और शिकायत दी।
पुलिस
को दी शिकायत में अमित जानी ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ जम्मू से लौट रहे थे। जब
उनकी गाड़ी देवडू गांव के पास पहुंची तो सफेद रंग की कार में सवार कुछ संदिग्ध लोगों
ने उनका पीछा किया। आरोप है कि कार सवारों ने हथियार लहराकर उनकी गाड़ी रुकवाने की
कोशिश की। खतरा भांपते हुए उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी और वहां से आगे निकलकर पुलिस से
मदद मांगी।
अमित
जानी ने शिकायत में बताया कि उन्हें पहले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े रोहित गोदारा
और गोल्डी बराड़ की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने आशंका जताई
कि पुरानी रंजिश के चलते संदिग्ध उन पर हमला करने की मंशा से आए थे। हालांकि, संदिग्धों
की पहचान और घटना के पीछे की वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
घटना
के बाद अमित जानी ने पहले कुंडली थाना और फिर मुरथल थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी।
मुरथल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग और आसपास
के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि सफेद कार और उसमें
सवार लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति
स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

