सोनीपत: खरखौदा के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण सहित सात पदक जीते
सोनीपत, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भिवानी
में आयोजित हरियाणा राज्य मुए थाई टीम चयन प्रतियोगिता में प्रताप
स्कूल खरखौदा के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित सात पदक जीते। इस प्रदर्शन
से नॉर्थ इंडिया चैंपियनशिप में चयन का रास्ता साफ हुआ है। स्कूल
पहुंचने पर सोमवार को पदक विजेताओं का स्वागत किया गया। द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित
और खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया, स्कूल संस्थापक सतप्रकाश दहिया, प्राचार्या दया दहिया,
शैक्षणिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया और प्रशिक्षक जगमेंदर पंचाल ने खिलाड़ियों को बधाई
दी।
डॉ.
सुबोध दहिया ने बताया कि सीनियर वर्ग में दीपांशु शर्मा ने 63 से 67 किलोग्राम भार
वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। अंडर-18 आयु वर्ग में निखिल डबास ने 91 किलोग्राम से अधिक,
युवराज ने 86 से 91 किलोग्राम और शुभम ने 63.5 से 67 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण
पदक हासिल किए। इसी वर्ग में लक्ष्य ने 54 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक
जीता। अंडर-16 आयु वर्ग में रुद्र राय ने 81 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में स्वर्ण
और यश ने 60 से 63.5 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
द्रोणाचार्य
पुरस्कार से सम्मानित ओमप्रकाश दहिया ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास,
साहस और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। मुए थाई जैसे मार्शल आर्ट में शारीरिक
क्षमता के साथ मानसिक मजबूती और तकनीकी दक्षता भी जरूरी है। ने कहा कि स्कूल में विद्यार्थियों
को बेहतर खेल सुविधाएं, नियमित प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर देने का प्रयास किया
जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

