हरियाणा के राजकीय कॉलेजों काे मिले 435 नए असिस्टेंट प्रोफेसर, शिक्षा मंत्री ने साैंपे नियुक्ति पत्र

WhatsApp Channel Join Now

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने दी बधाई

चंडीगढ़, 13 मई (हि.स.)। हरियाणा की उच्च शिक्षा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बुधवार काे प्रदेश के राजकीय कॉलेजों के लिए नवनियुक्त 435 असिस्टेंट प्रोफेसरों को उनके नियुक्ति स्थान (स्टेशन) सहित नियुक्ति पत्र साैंपे। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रदेश के कॉलेजों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों में नए शिक्षक मिले हैं। इन नियुक्तियों में ज्योग्राफी (भूगोल) के 277, राजनीति विज्ञान के 71 और इतिहास के 87 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं।

इस माैके पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नवनियुक्त शिक्षकों बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समाज के निर्माण में सर्वोच्च स्थान होता है और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सीधे तौर पर हमारे युवाओं के भविष्य को निर्धारित करती है। शिक्षा मंत्री ने नवनियुक्त प्रोफेसरों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ विद्यार्थियों को पढ़ाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। ढांडा ने कहा कि कॉलेजों में खाली पदों को भरना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि किसी भी कॉलेज में शैक्षणिक कार्य बाधित न हो। इन 435 नियुक्तियों से प्रदेश के राजकीय कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story