जींद : नशा तस्करों पर पुलिस का कड़ा प्रहार, पिछले नौ माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत 73 केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नशा तस्करों पर पुलिस का कड़ा प्रहार, पिछले नौ माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत 73 केस दर्ज


जींद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जिला जींद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जींद पुलिस द्वारा इस वर्ष पिछले नौ माह के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। अभियान के तहत जींद पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 73 मुकद्में दर्ज कर 142 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले नौ माह के दौरान जींद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में अफीम 2.842 किलोग्राम, गांजा 145.771 किलोग्राम, चरस 6.379 किलोग्राम, नशीली टैबलेट 3230, चूरा पोस्त 1439.080 किलोग्राम सहित अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।

नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई

जींद पुलिस द्वारा नशा तस्करी को केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रखते हुए नशे के अवैध कारोबार से अर्जित अथवा उससे संबंधित संपत्तियों के विरुद्ध भी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला जींद में एक जनवरी 2026 से अबतक 12 नशा तस्करों की करीब चार करोड़, 20 लाख 35 हजार 36 रुपये की संपत्ति को अटैच करवाया जा चुका है। इसके अतिरिक्त करीब 50 लाख रुपये मूल्य की कृषि भूमि को भी अटैच करने की प्रक्रिया जारी है।

नशा तस्करों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध निवारक कार्रवाई के तहत 1988 के अंतर्गत अब तक चार आरोपितों को डिटेन करवाया जा चुका है। वहीं तीन आरोपितों के संबंध में आदेश प्राप्त होना शेष है। जबकि चार अन्य आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई प्रक्रिया में है। इसके साथ ही नशा तस्करों द्वारा बनाए अथवा अर्जित किए गए अवैध, अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध भी जिला पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में अब तक 27 नशा तस्करों से संबंधित कुल 26 अवैध, अनधिकृत रिहायशी मकानों को ध्वस्त करवाया जा चुका है। एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि जींद पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को केवल केस दर्ज करने और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story