यमुनानगर:अधेड़ उम्र व्यक्ति पर नुकीले हथियार से हमला, हालत गंभीर
यमुनानगर, 23 अप्रैल (हि.स. ) यमुनानगर शहर के विश्वकर्मा मोहल्ला क्षेत्र में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति पर घातक हमला किए जाने का मामला सामने आया है । हमलावरों ने उसे घेरकर नुकीले औजार से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल की पहचान यमुनानगर निवासी कुलदीप कुमार (55) के रूप में हुई है, जो पेंटिंग का कार्य करता है और अपने भतीजे के साथ रहता है।
परिजनों ने बताया कि घटना उस समय हुई जब कुलदीप कुमार देर रात काम से लौट रहा था। घर के समीप कुछ युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बर्फ तोड़ने वाले नुकीले औजार से सिर, कमर और छाती पर वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, हमलावरों में एक युवक की पहचान पाला के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्षेत्र में पूर्व में हुए एक विवाद के चलते यह हमला किया गया हो सकता है। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

