सोनीपत: ड्यूटी निभाते हुए शहीद हुए एएसआई राकेश को नम आंखों से अंतिम विदाई
सोनीपत, 12 नवंबर (हि.स.)। झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में सड़क पर यातायात व्यवस्था
संभालते हुए जान गंवाने वाले ट्रैफिक पुलिस के एएसआई राकेश कुमार (55) को गुरुवार काे उनके पैतृक
गांव पिपली में नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार उन्हें
सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान पुलिस की टुकड़ी ने सलामी देकर उन्हें सम्मानपूर्वक
विदाई दी। अंतिम संस्कार में एसीपी अखिल कुमार सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी
मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एएसआई राकेश
कुमार बहादुरगढ़ के रोहतक रोड स्थित ओमेक्स सिटी के सामने साथी कर्मचारी रमेश कुमार
के साथ यातायात नियंत्रित कर रहे थे। इसी दौरान बहादुरगढ़ की तरफ से बाइक पर आए दो
युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राकेश सड़क पर गिर गए और उनके सिर में
गंभीर चोट आई। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत
के चलते डॉक्टरों ने उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत
हो गई।
राकेश कुमार मूल रूप से सोनीपत जिले के गांव पिपली के रहने
वाले थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी
है, जबकि बेटा बीए की पढ़ाई कर रहा है। परिवार खेतीबाड़ी से भी जुड़ा हुआ है। उनकी
अचानक मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
बहादुरगढ़ डीसीपी क्राइम शुभम सिंह के अनुसार, हादसे के बाद
बाइक सवार एक युवक को पकड़ लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने
जल्द ही दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही है। पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र
ने बताया कि दिवंगत एएसआई मुस्लिम खान परिवार से संबंध रखते थे, हालांकि सरकारी दस्तावेजों
में उनका नाम राकेश कुमार दर्ज था। ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले एएसआई को पुलिस
विभाग ने पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

