हरियाणा के खिलाड़ियों ने एशियाई चैंपियनशिप में जीते 32 पदक : गौरव गौतम
-एशियन गेम्स से लौटे हरियाणा के खिलाडिय़ों का खेल मंत्री ने किया स्वागत
चंडीगढ़, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जापान में आयोजित एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का रविवार रात दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम ने स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
खेल मंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इनमें से हरियाणा के खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीते हैं, जिसमें 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक सहित शामिल हैं। खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने यह पदक अपने नाम कर हरियाणा की खेल शक्ति का लोहा मनवाया। उन्होंने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश को खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गर्व है। यह हरियाणा की खेल नीतियों व योजनाओं का नतीजा है कि प्रदेश में खेल व खिलाड़ी निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्हें पूरा भरोसा है कि भविष्य में भी खिलाड़ी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे की शान बढ़ाने वाले इन खिलाड़ियों पर पूरे हरियाणा को गर्व है। उन्होंने कहा कि 14 स्वर्ण पदक यह बताते हैं कि हरियाणा के खिलाड़ी केवल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए नहीं, बल्कि जीत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। इन खिलाड़ियों के पीछे उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों और खेल संस्थानों की भी बड़ी भूमिका है। मंत्री ने सभी अभिभावकों और प्रशिक्षकों को भी बधाई दी और कहा कि सरकार खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ी है।
गांवों की प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की खेल संस्कृति में गांवों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश के कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर दुनिया के बड़े खेल मंचों तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों और छोटे शहरों में रहने वाले युवाओं को भी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलें, इस दिशा में सरकार का विशेष ध्यान है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

