एशियन गेम्स में हरियाणा के आठ खिलाडिय़ों ने रचा इतिहास

WhatsApp Channel Join Now

भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण पदक

चंडीगढ़, 26 सितंबर (हि.स.)। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। रोमांचक फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय टीम ने ईरान को पराजित कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

इस स्वर्णिम जीत में हरियाणा का विशेष योगदान रहा है, क्योंकि स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष कबड्डी टीम में प्रदेश के 8 प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल हैं। हरियाणा की माटी से जुड़े इन खिलाडिय़ों ने अपने उत्कृष्ट खेल, क्षमता और अनुशासन के बल पर विश्व स्तर पर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारतीय कबड्डी टीम और विशेष रूप से राज्य के खिलाडिय़ों को इस ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय खिलाडिय़ों ने अपनी ताकत, अद्भुत कौशल और अटूट टीम भावना का परिचय देकर पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि एशियन गेम्स में हरियाणा के युवाओं का यह शानदार प्रदर्शन प्रदेश की प्रभावी व प्रोत्साहनकारी खेल नीति और खिलाडिय़ों की दिन-रात की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दोहराया कि राज्य सरकार पदक विजेताओं को प्रोत्साहित करने, उन्हें उत्कृष्ट खेल सुविधाएं और हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story