हिसार : ईएसआई अशोक कुमार बने ऑनरेरी इंस्पेक्टर, एसपी सिद्धांत जैन ने स्टार लगाकर दी बधाई
पदोन्नति को मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा
का सम्मान बताते हुए एसपी ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की
हिसार, 5 अक्टूबर (हि.स.)। यातायात पुलिस बरवाला
में तैनात ईएसआई अशोक कुमार को ऑनरेरी इंस्पेक्टर बनाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सिद्धांत
जैन ने उनके कंधे पर स्टार लगाकर पदोन्नति की बधाई दी। एसपी ने उन्हें नई जिम्मेदारी
के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने साेमवार काे कहा कि पदोन्नति
किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की मेहनत, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और विभाग के प्रति
समर्पण का सम्मान है। उन्होंने ईएसआई अशोक कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे
आगे भी इसी लगन और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और पुलिस विभाग
की कार्यप्रणाली एवं छवि को और मजबूत करने में योगदान दें।
एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में प्रत्येक अधिकारी
और कर्मचारी के लिए कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन और बेहतर कार्य संस्कृति सर्वोच्च
प्राथमिकता होनी चाहिए। अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मिलने वाला सम्मान
और पदोन्नति अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का काम करता है। उन्होंने उम्मीद जताई
कि ईएसआई अशोक कुमार नई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते
हुए आमजन की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

