पानीपत: मोबाइल रिपेयर की दुकान में पेट्रोल डालकर युवकों ने लगाई आग

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: मोबाइल रिपेयर की दुकान में पेट्रोल डालकर युवकों ने लगाई आग


पानीपत, 25 मई (हि.स.)। पानीपत सेक्टर-25 स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान को दो युवकाें ने आग के हवाले कर दिया। हादसे के वक्त मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का मालिक अपने बीमार पिता को लेकर अस्पताल गया हुआ था, तो पीछे से दो युवकों ने दुकान में पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। इस घटना में दुकान में रखे नए और रिपेयरिंग के लिए आए ग्राहकों के मोबाइल सहित करीब पांच लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद के खिलाफ आगजनी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में

गांव रिसालू के रहने वाले अंकित मलिक ने बताया कि उन्होंने सेक्टर-25 स्थित शर्मा मार्केट, नजदीक सोमाया गार्डन के पास मां वैष्णो टेलीकॉम के नाम से एक मोबाइल की दुकान खोली हुई है। शिकायत के अनुसार, रविवार काे दिन के समय सोनू नाम का एक ग्राहक उनकी दुकान पर आया था। उसने अपना जियो का कीपैड फोन ठीक कराने के लिए अंकित को दिया और काम पूरा होने के बाद वापस आने की बात कहकर चला गया।

अंकित मलिक ने बताया कि रात के समय ग्राहक सोनू अपना फोन वापस लेने के लिए आने वाला था, लेकिन इसी बीच अचानक अंकित के पिता जसवंत सिंह की तबीयत खराब हो गई। पिता की बिगड़ती हालत को देख अंकित दुकान बंद कर आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया उसी दौरान रात के समय फोन ठीक कराने आया ग्राहक सोनू दुकान पर पहुंचा। दुकान बंद देखकर वह गुस्से में आ गया। उसके साथ उसका एक अन्य साथी भी था, जिसका नाम भी सोनू ही बताया जा रहा है। दुकान बंद मिलने पर दोनों ने तैश में आकर दुकान के शटर पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस आगजनी की घटना में पीड़ित अंकित मलिक की पूरी दुकान जलकर बर्बाद हो गई। दुकान के अंदर रखे दर्जनों नए मोबाइल फोन, एसेसरीज, रिपेयरिंग के उपकरण और ग्राहकों के ठीक होने के लिए आए कीमती मोबाइल फोन पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गए। पीड़ित के मुताबिक इस वारदात से उन्हें कम से कम पांच लाख रुपए का भारी नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी एसआई नेपाल सिंह ने बताया कि रविवार की रात को अंकित की शिकायत पर आगजनी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार को आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story