नूंह : अवैध हथियार सहित पांच गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नूंह : अवैध हथियार सहित पांच गिरफ्तार


नूंह, 08 अक्टूबर (हि.स.)। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फिरोजपुर झिरका सीआईए स्टाफ की टीम ने थाना सदर नूंह क्षेत्र से एक वांछित आरोपी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में चोरी, गोकशी, आर्म्स एक्ट तथा जानलेवा हमले सहित करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल निवासी पल्ला, थाना सदर नूंह के रूप में हुई है। सीआईए फिरोजपुर झिरका प्रभारी महेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम थाना सदर नूंह क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जिला रेवाड़ी के थाना कसौला में दर्ज एक मामले में वांछित आरोपी राहुल अवैध हथियार सहित क्षेत्र में मौजूद है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी कट्टा 315 बोर और दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने इस संबंध में थाना सदर नूंह में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी थाना कसौला, जिला रेवाड़ी में दर्ज एक मामले में भी वांछित था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी राहुल के खिलाफ थाना सदर नूंह, हथीन-पलवल, भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, किशनगढ़ बास-अलवर, नीमराना, सेक्टर-58 फरीदाबाद, रोहड़ाई-रेवाड़ी, सेक्टर-छह धारूहेड़ा तथा सिटी महेंद्रगढ़ थानों में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले सहित करीब 20 मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा उसके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व में दर्ज मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story