यमुनानगर:यमुना नदी में सेना की मोटर बोट डूबी, अभ्यास के दौरान एक जवान लापता

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:यमुना नदी में सेना की मोटर बोट डूबी, अभ्यास के दौरान एक जवान लापता


यमुनानगर:यमुना नदी में सेना की मोटर बोट डूबी, अभ्यास के दौरान एक जवान लापता


यमुनानगर, 01 सितंबर (हि.स.) हरियाणा-हिमाचल सीमा के पास मंगलवार शाम बाढ़ बचाव अभ्यास के दौरान सेना की मोटर बोट यमुना नदी में डूब गई। हादसे में चार जवान तेज बहाव की चपेट में आ गए। इनमें से तीन जवान करीब 600 मीटर तैरकर पश्चिमी यमुना नहर के गेट से सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक जवान का देर शाम तक पता नहीं चल सका। उसकी तलाश के लिए सेना ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया है।

प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहताश सिंह के अनुसार, हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में 30 अगस्त से स्पेशल फोर्स का प्रशिक्षण चल रहा था और मंगलवार को इसका अंतिम दिन था।

हादसे की सूचना मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य में सहायता के लिए एनडीआरएफ को भी बुलाया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को कलेसर से नीचे और हथिनीकुंड बैराज से पहले यमुना की अपस्ट्रीम में अभ्यास चल रहा था। इसी दौरान हेलिकॉप्टर से जवान मोटर बोट में उतरे। बताया जा रहा है कि जवानों के बोट में पहुंचने के बाद वह तकनीकी खराबी के कारण शुरू नहीं हो सकी और अचानक पानी में डूबने लगी। इसके बाद चार जवान नदी में गिर गए। तेज बहाव के बीच तीन जवान पश्चिमी यमुना नहर की ओर बढ़े और करीब 600 मीटर तैरने के बाद खुले गेट से बाहर निकलने में सफल रहे। एक जवान के नहीं मिलने पर तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू अभियान के लिए पश्चिमी यमुना नहर के गेट बंद कर पानी की आपूर्ति रोक दी गई है। सेना और एनडीआरएफ की टीमें तलाश में जुटी हैं। प्रतापनगर और उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर क्षेत्र की पुलिस भी मौके पर मौजूद है।

बताया गया है कि अभ्यास में शामिल जवानों के लिए सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था रहती है। हालांकि सेना की ओर से देर शाम तक घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजकर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story