हिसार : सेवानिवृत आईएएस हरियाणा राज्य पर्यावरण प्रभाव आंकलन प्राधिकरण के सदस्य नियुक्त
हिसार, 27 दिसंबर (हि.स.)। सेवानिवृत आईएएस अधिकारी आरएस वर्मा को हरियाणा
राज्य पर्यावरण प्रभाव आंकलन प्राधिकरण (एसईआईएए) के सदस्य के रूप में नियुक्त किया
गया है। उनकी नियुक्ति पर उनके पैतृक गांव आर्य नगर में ग्रामीणों ने खुशी मनाई। स्वयं
वर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर उनका आभार जताया।
जिले के गांव आर्य नगर के रहने सेवानिवृत आईएएस अधिकारी आरएस वर्मा बचपन से
पढाई में होशियार थे। इन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में एमए अंग्रेजी, एमए समाजशास्त्र
व एमए लोक प्रशासन डिग्री हासिल कर रखी है। वे अपनी योग्यता के आधार प्रशासनिक सेवाओं
में अधिकारी बने और अधिकारी रहते हरियाणा के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया
था। हरियाणा सरकार में उनका 32 वर्षों से अधिक का शानदार प्रशासनिक करियर रहा है। अपनी
लंबी और विशिष्ट सेवा के दौरान, उन्होंने कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील पदों पर कार्य
किया है और लोक प्रशासन और पर्यावरण शासन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने
राज्य सरकार में पर्यावरण निदेशक, पर्यावरण विशेष सचिव और रोहतक के उपायुक्त सहित कई
अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर कार्य किया है। आरएस वर्मा की नियुक्ति पर कुम्हार
समाज के प्रधान ओमप्रकाश नोखवाल सहित अन्य पदाधिकारियों व कुम्हार समाज के लोगों ने
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा का फूलों के गुलदस्ते देकर
उनका आभार व्यक्त किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

