एनएमएमएसएस परीक्षा के लिए 25 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

WhatsApp Channel Join Now

नूंह, 23 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय साधन-सह-पात्रता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) 2026-27 के तहत छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होगी। पात्र विद्यार्थी 25 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। एनएमएमएसएस परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। हरियाणा में एनएमएमएसएस परीक्षा के माध्यम से 2337 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12वीं तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा में हरियाणा के सरकारी अथवा अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। विद्यार्थी ने कक्षा सातवीं की परीक्षा भी सरकारी अथवा अनुदान प्राप्त विद्यालय से उत्तीर्ण की होनी चाहिए। इसके अलावा विद्यार्थी के माता-पिता की सभी स्रोतों से कुल वार्षिक आय 3 लाख 50 हजार रुपये से कम होना अनिवार्य है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। आवेदन के दौरान संबंधित प्रमाण-पत्र भी अपलोड करने होंगे। विद्यार्थी का परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक विवरण भी अद्यतन होना चाहिए।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय मुखियाओं एवं संबंधित शिक्षकों को निर्देश दिए कि पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को योजना एवं परीक्षा की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए तथा अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों के आवेदन सुनिश्चित करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के नाम, जन्म तिथि, श्रेणी, पात्रता सहित अन्य आवश्यक विवरणों का विद्यालय रिकॉर्ड के अनुसार सत्यापन किया जाए, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story