नूंह: मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज को किसी भी सूरत में बर्बाद नहीं होने देंगे: जाकिर हुसैन

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज को किसी भी सूरत में बर्बाद नहीं होने देंगे: जाकिर हुसैन


नूंह, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज (वक्फ) को लेकर चल रहे विवाद के बीच भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन ने गुरुवार को अपने नूंह स्थित निवास पर प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज को किसी भी सूरत में बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। कॉलेज को सुचारू रूप से चलाने और विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा मामले को लेकर भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं।

जाकिर हुसैन ने कहा कि वह कॉलेज में अनियमितताओं, शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों की समस्याओं तथा विद्यार्थियों को होने वाली परेशानियों को लेकर गंभीर हैं। कॉलेज और हॉस्टल से जुड़ी समस्याओं में सुधार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षण स्टाफ से अपील की कि वे धरना समाप्त कर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर ध्यान दें, नियमित कक्षाएं लगाएं और कॉलेज के सुचारू संचालन में सहयोग करें। जाकिर हुसैन ने बताया कि गत 18 सितंबर को उन्होंने कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना था। उस दौरान नूंह के पत्रकार भी मौजूद थे। विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल सुधार कार्य शुरू करवाने के उद्देश्य से आठ लाख रुपये की राशि मंजूर की गई और काम शुरू करा दिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि कॉलेज के शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ के लिए 80 लाख रुपये मंजूर किए गए थे। इसके तहत पिछले महीने कर्मचारियों को तीन-तीन महीने का वेतन दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि 24 सितंबर को भी उन्होंने कॉलेज और हॉस्टल में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया था। उनके अनुसार, उस दिन तक कॉलेज में धरना शुरू नहीं हुआ था और स्टाफ को तीन महीने का वेतन भी दिया जा चुका था। वक्फ बोर्ड के प्रशासक ने कहा कि वे सात अक्टूबर को वह कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने के लिए धरना स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वह धरने पर बैठे लोगों के साथ दरी पर बैठकर उनकी बातें सुन रहे थे और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर रहे थे। उनके आरोप के अनुसार, कुछ लोगों ने विद्यार्थियों को उकसाकर धरना स्थल से उठा दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story