यमुनानगर: नशीले पदार्थाें समेत दो तस्कर काबू

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: नशीले पदार्थाें समेत दो तस्कर काबू


यमुनानगर, 11 अप्रैल (हि.स.)यमुनानगर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5 किलोग्राम चरस और 120 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल को टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति तेलीपुरा बाईपास पुल के निकट संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है।

सूचना के आधार पर गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू किया। उसकी पहचान जगाधरी निवासी राजकुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 120 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामले में संलिप्त रहा है। इसके अलावा एंटी नारकोटिक सेल की एक अन्य टीम ने अलग कार्रवाई करते हुए स्टार्च मिल रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से एक अन्य आरोपी को 5 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जिला पश्चिमी चंपारण, बिहार निवासी अबदुल अंसारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story