कैथल: राजौंद में हेरोइन के साथ आरोपी काबू, एनएच 152-डी पर ट्रक से मिला डोडा पोस्त
कैथल, 22 सितंबर (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल कैथल ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार काे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.41 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और नाै किलो 205 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसवंत सिंह की टीम राजौंद क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति गांव मंडवाल जाने वाले रास्ते पर हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश देकर एक व्यक्ति को काबू किया। उसकी पहचान जींद जिले के गांव बोहत निवासी सतपाल के रूप में हुई।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार राजौंद सुभाष चंद की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से 8.41 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने राजौंद थाना में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल की टीम रात के समय अपराध रोकथाम के लिए 152-डी हाईवे पर गांव मोहना पुल के नीचे मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राजौंद की तरफ से आ रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में डोडा पोस्त ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव मोहना के पास हाईवे पर नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद बताए गए नंबर का ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने ट्रक को पीछे रोक दिया और नीचे उतरकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान जींद जिले के गांव नेहरा निवासी बलदेव के रूप में हुई।
नायब तहसीलदार पुंडरी अंसुल की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई। इस दौरान ड्राइवर सीट के पीछे रखे पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे से नाै किलो 205 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने पूंडरी थाना में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बलदेव से नशे की खेप के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जानी है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

