यमुनानगर:बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ बड़ा अभियान, सड़कों पर उतरी टीमें
यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला बाल संरक्षण इकाई, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और सामाजिक संस्था साई सौभाग्य ने संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजारों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को इस गंभीर सामाजिक समस्या के प्रति सचेत किया गया। अभियान के दौरान टीमों ने आमजन और व्यापारियों को बाल भिक्षावृत्ति से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और बच्चों को भीख न देने की अपील की।
अधिकारियों ने मंगलवार काे बताया कि इस तरह की प्रवृत्ति बच्चों के भविष्य को प्रभावित करती है और उन्हें शिक्षा व सामान्य जीवन से दूर कर देती है। जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यवाहक अधिकारी रंजन शर्मा ने कहा कि संभावित स्थानों की पहचान कर विशेष रूप से अभियान चलाया गया, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को भीख देने के बजाय उन्हें शिक्षा और संरक्षण की दिशा में प्रेरित करना आवश्यक है। संरक्षण अधिकारी प्रीति शर्मा ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि बाल भिक्षावृत्ति केवल कानून का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों के साथ भी अन्याय है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, स्वस्थ और सम्मानजनक बचपन मिलना चाहिए और इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के सदस्य रणदीप ने चेतावनी दी कि बाल श्रम और भिक्षावृत्ति से जुड़े मामलों में कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के मिशन वात्सल्य के तहत पेंटिंग और डिजिटल माध्यमों से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि समाज में इस कुरीति के प्रति संवेदनशीलता बढ़े।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

