नूंह: नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ें युवा: सांसद कार्तिकेय शर्मा
नूंह, 26 सितंबर (हि.स.)। सेवा पर्व के तहत राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा शनिवार को पिनगवां गांव पहुंचे। उन्हाेंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों एवं युवाओं की खेल प्रतिभा का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुआ सेवा पर्व 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। हरियाणा की पहचान खेलों की नर्सरी के रूप में बनी है और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि मेवात क्षेत्र में महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए नमो शक्ति रथ संचालित किया जाएगा। यह रथ गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं की नि:शुल्क कैंसर जांच करेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं की खेल प्रतिभा को देखते हुए कार्तिकेय शर्मा ने क्रिकेट के लिए बॉलिंग मशीन तथा 11 क्रिकेट किट उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए डी-प्लान के तहत सिफारिश करने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां नई पीढ़ी को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और प्रोत्साहन से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है। अंत में उन्होंने सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, एजाज खान, रमेश मानूवास, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार, वरिष्ठ पत्रकार कासिम खान, पिनगवां सरपंच मनोज कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

