बिजली निजीकरण के खिलाफ हूं, आयोग के फैसले के खिलाफ आखिरी दम तक अपील करेंगे : अनिल विज

WhatsApp Channel Join Now
बिजली निजीकरण के खिलाफ हूं, आयोग के फैसले के खिलाफ आखिरी दम तक अपील करेंगे : अनिल विज


चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस देने तथा बिजली कर्मचारियों के विरोध पर कहा कि वह स्वयं बिजली के निजीकरण के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि उनके विभाग ने हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के समक्ष इसका दृढ़ता से विरोध किया था। यह विरोध लिखित रूप में दर्ज है और संबंधित दस्तावेज कोई भी प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने कहा कि विनियामक आयोग ने फैसला दे दिया है और उसकी आगे हम अपील करेंगे, हम आखिरी सिरे तक पूरी तरह से जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज उन्होंने कर्मचारी नेताओं को तीन बजे अपने दफ्तर में बैठक के लिए बुलाया है। उन्होंने पहले भी बैठकर कर्मचारियों के साथ बात की थी, अब यदि कोई बेहतर समाधान होगा तो वह बताया जाए और हम उसे मानेंगे ।

विज बुधवार काे पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विपक्ष के सवाल कि भाजपा बताए कि एसआईआर में कितने घुसपैठियों की पहचान हुई, के सवाल पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह सवाल चुनाव आयोग से पूछे, भाजपा थोड़े मतदाता सूची बनाती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष तो बिल्कुल भटक गया है, चुनाव आयोग मतदाता सूची बनाता है उसे ठीक करने का मौका देता है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अब किसी की मृत्यु हो जाए या शादी हो जाए तो नाम न कटवाए, कोई बाहर से आ गया तो नाम न जोड़े जबकि ये चुनाव आयोग को दोष देते रहे। कानून में जब भी रिवजन होती है उसके बाद एक माह दिया जाता है। ये पार्टियां जो बोल रही है इसका मतलब इनके पास कार्यकर्ता नहीं है या ये निकम्मे है, नहीं तो कार्यकर्ता घर-घर जाकर बताते है कि नई वोट बन रही है, ये 23 साल बाद हो रहा है, तब से अब तक कितनों की मृत्यु हो चुकी है, कई वोट कट चुकी यह चुनाव आयोग का काम है। उन्होंने कहा कि कईयों की शादी हो गई, कई कर्मचारी तबादला कर जा चुके हैं। एक आदमी की एक वोट हो यह देखना चुनाव आयोग का काम है और चुनाव आयोग अपना धर्म निभा रहा है। ये जो लोग है जिन्होंने खुद ठीक काम नहीं किए वह दूसरों को ठीक काम करता देख नहीं सकते।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764302 Articles

Share this story