जींद : बिजली का करंट लगने से निगम के लाइनमैन की मौत
जींद, 16 मई (हि.स.)। गांव भुरायण स्थित खेतों में शनिवार को बिजली लाइन को ठीक करते समय करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। शनिवार शाम तक भी जब मृतक के शव के पोस्टमार्टम को लेकर कार्रवाई नही हुई तो परिजनों ने अस्पताल के सामने जींद-गोहाना मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्वास्थ्य अधिकारियों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिस पर पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए चिकित्सक अस्पताल पहुंचा और मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव खोखरी निवासी रणबीर ने बताया कि उसका भाई बिजेंद्र 2012 में बिजली निगम में लाइनमैन के रूप में भर्ती हुआ था। 44 वर्षीय बिजेंद्र की ड्यूटी इस समय पिल्लूखेड़ा क्षेत्र में थी। शनिवार को भुरायण गांव के खेतों में बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। बिजेंद्र भुरायण गांव के खेतों में बिजली सप्लाई को ठीक करने के लिए गया था। उसने इसके लिए बिजली निगम से परमिट भी ले रखा था। जब वह पोल पर सप्लाई ठीक करके नीचे उतर रहा था तो अचानक करंट आ गया और बिजेंद्र इसकी चपेट में आ गया। बिजली के तेज झटके ने उसे ऊपर से नीचे फेंक दिया। उसके साथ अन्य बिजली कर्मचारी व आसपास के लोगों ने उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया।
यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस सूचना पाकर नागरिक अस्पताल में पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बिजेंद्र के पास दो लड़के हैं। काफी संख्या में सूचना पाकर बिजली कर्मचारी व गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए। सभी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। मृतक बिजेंद्र के शव का पोस्टमार्टम जल्द करवाने के लिए परिजनों ने पुलिस तथा स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा लेकिन लगातार देरी होती रही। जिस पर गुस्साए परिजन जींद-गोहाना मार्ग पर आ गए। जाम लगने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने कहा कि जल्द से जल्द शव का पोस्टमार्टम करवाया जाए ताकि दाह संस्कार हो सके। बाद में चिकित्सक व सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

