हिसार : जीवन हत्याकांड के आराेपी नहीं पकड़े जाने पर परिजनों व खाप प्रतिनिधियों ने लगाया जाम
एसपी के आश्वासन से नहीं माने
लघु सचिवालय के बाहर पक्का धरना शुरू, आरोपियों की गिरफ्तारी तक नहीं होगा
अंतिम संस्कार
हिसार, 08 अगस्त (हि.स.)। सूर्यनगर के डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मामले
में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से शनिवार को परिजनों और खाप प्रतिनिधियों
का गुस्सा फिर फूट पड़ा। पुलिस द्वारा मांगे गए 48 घंटे की समय सीमा समाप्त होने के
बाद पूनिया और कुंडू खाप के प्रतिनिधि परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन से
मिलने लघु सचिवालय पहुंचे। यहां पर विभिन्न खाप प्रतिनिधियों व जीवन के परिजनों ने
अपने विचार रखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।
लघु सचिवालय के आगे लगभग दो घंटे से ज्यादा समय तक विभिन्न वक्ताओं के विचार
रखने के बाद पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया गया कि यदि आधा घंटा में एसपी ने आकर
स्थिति स्वष्ट नहीं की तो वे राजगढ़ रोड जाम कर देंगे। इस अल्टीमेटम के बाद एएसपी सुनील
कुमार व डीएसपी किशोरी लाल मौके पर पहुंचे और बताया कि पुलिस की गई टीमें आरोपियों
की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मौजूद लोग इससे संतुष्ट नहीं हुए और कहा कि एसपी
मौके पर आकर बातचीत करे। काफी देर तक जब एसपी नहीं आए तो फिर अल्टीमेटम दिया गया कि
यदि 15 मिनट में एसपी नहीं आते हैं तो हम जाम लगा देंगे।
यह अल्टीमेटम पूरा होते ही
एकत्रित लोग जब जाम लगाने के लिए राजगढ़ रोड पर पहुंचे तो तत्काल एसपी के आने की सूचना
आ गई। इस पर लोगों ने कहा कि वे तीन घंटे से गर्मी में बैठे हैं, अब रोड जाम पर आकर
ही एसपी अपनी बात कहे। फिर रोड जाम कर रहे लोगों के बीच पहुंचे एसपी ने बताया कि आरोपियों
की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। खाप प्रतिनिधि एसपी
के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और उन्हें वापस जाने के लिए कह दिया। बाद में कमेटी
ने फैसला लिया कि जीवन के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी तक पक्का धरना लगाया जाएगा और
अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
पूनिया खाप के प्रधान शमशेर सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पीड़ित परिवार
के साथ संतोषजनक बातचीत नहीं की। उन्होंने कहा कि परिवार को डराने और धमकाने का प्रयास
किया गया। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले एसएचओ ने कथित तौर पर कहा था कि प्रशासन जबरदस्ती
अंतिम संस्कार करवा देगा। इसके बाद पूनिया और कुंडू खाप के लोग एकजुट हुए और प्रशासन
को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था। उन्होंने कहा कि शनिवार
को अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद खाप प्रतिनिधि एसपी से मिलने पहुंचे थे।
करीब
तीन से चार घंटे इंतजार करने के बाद भी एसपी मौके पर नहीं आएं इसके बाद मजबूर होकर
जाम लगाया गया। उनका आरोप है कि जाम लगते ही एसपी महज तीन मिनट में मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि परिवार और खाप की मांग है कि जीवन के हत्यारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
की जाए। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी दोहराई।
इस मौके पर जीवन की पत्नी अमन व उसकी बहन ने भी विचार रखे और न्याय की
मांग उठाई। इस मौके पर मुख्य रूप से किसान नेता सुरेश कौथ, इनेलो से दलबीर किरमारा, जजपा
से अनिल बालक, किसान नेता दिलबाग हुड्डा, कांग्रेस
नेता वजीर सिंह पूनिया, बिनैन खाप से रंगीराम नैन, जिला पार्षद कर्मकेश, दिनेश सिवाच,
पूर्व मंत्री छतरपाल सहित विभिन्न खापों के प्रतिनिधि, पंचग्रामी के ग्रामीण व जीवन
के परिजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

