हिसार : इनेलो के प्रदर्शन में पहुंचकर युवा वर्ग ने दिखाया सरकार के खिलाफ रोष : दलबीर किरमारा
पार्टी अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के खुलासे
पर मुख्यमंत्री का पलटवार सच्चाई से दूर
नौकरियों पर श्वेत पत्र जारी करके भर्तियों
की सूची जारी करके सच्चाई सामने लाएं सीएम
हिसार, 19 मई (हि.स.)। इनेलो के प्रदेश सचिव
दलबीर किरमारा ने कहा है पंचकूला में पार्टी अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व
में किए गए प्रदर्शन में भारी संख्या में पहुंचकर युवा वर्ग ने दर्शा दिया है कि वह
मौजूदा सरकार की युवा विरोधी नीतियों से दुखी है। इनेलो के रूप में युवा वर्ग को एक
उम्मीद दिखाई दे रही है और युवाओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लेकर साबित कर दिया है कि
इनेलो ही युवाओं सहित हर वर्ग के हितों की रक्षा कर सकती है।
दलबीर किरमारा ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में पंचकूला में प्रदर्शन करके उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा
गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह सहित
अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अभय सिंह चौटाला ने पूरा ब्यौरा दिया कि भाजपा
सरकार में किस प्रकार हरियाणा के युवाओं को नौकरियों से वंचित करके दूसरे राज्यों के
युवाओं को नौकरियां दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अभय सिंह चौटाला द्वारा भर्ती
का पूरा ब्यौरा रख देने के बावजूद राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसे राजनीतिक
स्टंट बता रहे हैं, जो अफसोसजनक व युवा वर्ग के जख्मों पर नमक छिड़कने वाला है। यदि
मुख्यमंत्री अपनी बात पर कायम है तो नौकरियों पर श्वेत पत्र जारी करके भर्तियों की
सूची जनता के सामने जारी कर दें, दूध का दूध व पानी का पानी हो जाएगा। यदि मुख्यमंत्री
ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें प्रदेश के मुखिया के तौेर पर झूठ बयानबाजी करके जनता को
गुमराह नहीं करना चाहिए।
द
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

