हिसार : धान खरीद में गड़बड़ी की लोक लेखा समिति से हो स्वतंत्र जांच : संपत सिंह

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : धान खरीद में गड़बड़ी की लोक लेखा समिति से हो स्वतंत्र जांच : संपत सिंह


मोटरसाइकिलों और कारों के नंबरों पर दर्ज हुई धान की ढुलाई

52 हजार 248 किसानों की 70 हजार 394 एकड़ भूमि का दोहराव सामने आने का दावा

हिसार, 21 नवंबर (हि.स.)। इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो.

संपत सिंह ने प्रदेश में धान खरीद के दौरान सामने आई कथित अनियमितताओं पर गंभीर चिंता

जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान खरीद में फर्जी पंजीकरण और वाहनों के नंबरों के

दुरुपयोग के जरिए बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष

जांच हरियाणा विधानसभा की लोक लेखा समिति से महालेखाकार (ऑडिट), हरियाणा के सहयोग से

करवाने की मांग की है।

प्रो. संपत सिंह ने शनिवार काे कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 52 हजार 248 किसानों की

70 हजार 394 एकड़ भूमि का दोहराव (डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन) सामने आया है, जबकि कुल पंजीकृत

भूमि एक लाख 43 हजार 311 एकड़ बताई गई है। ये आंकड़े सरकारी खरीद व्यवस्था की पारदर्शिता

और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी धन के

दुरुपयोग का मामला नहीं है, बल्कि वास्तविक किसानों के अधिकारों से भी जुड़ा है। उन्होंने

सरकारी पोर्टल पर दर्ज धान ढुलाई के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि स्प्लेंडर

मोटरसाइकिल के नंबर पर 100 क्विंटल, एक्टिवा के नंबर पर 70 क्विंटल, बुलेट मोटरसाइकिल

के नंबर पर 70 क्विंटल और इंडिका कार के नंबर पर 85 क्विंटल धान की ढुलाई दर्ज दिखाई

गई है। उनके अनुसार, ये आंकड़े वाहनों के पंजीकरण नंबरों के दुरुपयोग और फर्जी गेट

पास बनाए जाने की आशंका पैदा करते हैं।

प्रो. सिंह ने कहा कि कैथल सहित प्रदेश की विभिन्न मंडियों से फर्जी पंजीकरण,

बाहरी राज्यों से धान लाने और खरीद प्रक्रिया में अन्य अनियमितताओं की शिकायतें सामने

आई हैं।

प्रो. संपत सिंह ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए

और सरकारी धन की वसूली की जानी चाहिए। वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा करना सरकार

की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को सामान्य अनियमितता बताकर नजरअंदाज

नहीं कर सकती। प्रदेश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि किसानों के नाम पर सरकारी

खजाने के कथित दुरुपयोग के पीछे किन लोगों की भूमिका रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story