जींद : संत कबीर दास ने समाज को एकता और सद्भाव की राह दिखाई : डा. कृष्ण मिड्ढा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : संत कबीर दास ने समाज को एकता और सद्भाव की राह दिखाई : डा. कृष्ण मिड्ढा


जींद, 28 जून (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि वर्तमान केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान अपने सरकारी आवास का नाम कबीर कुटिया रखा था, जो संत कबीर साहेब के आदर्शों के प्रति उनकी गहरी आस्था और प्रेरणा को दर्शाता है। यह केवल एक नाम नही बल्कि सादगी, सेवा, पारदर्शिता और जनकल्याण की भावना का प्रतीक था। कबीर कुटिया नामकरण के माध्यम से उन्होंने यह स्पष्ट किया कि जीवन में दिखावे से अधिक महत्व सादगी, सत्य और लोकसेवा का है।

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा रविवार को संत शिरोमणि कबीर साहेब जी के 629वें प्रकटोत्सव दिवस पर रोहतक रोड स्थित कबीर चौक व रामराय गेट स्थित श्री संत कबीर आश्रम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संत कबीर साहेब जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रकटोत्सव की शुभकामनाएं दी। समाज द्वारा रखी गई मांगों को पर आश्वासन देते हुए उन्होंने जींद विधानसभा क्षेत्र में समाज की चौपालों, भवनों व अन्य संस्थाओं पर लगभग 70 लाख रुपये की धन राशि से विकास करवाने की बात कही।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी संत कबीर साहेब सहित सभी महान संतों के विचारों को आत्मसात करते हुए बिना भेदभाव के विकास कार्य करवा रहे हैं। गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की जा रही हैं ताकि समाज के हर वर्ग को समान अवसर और सम्मान मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story