हिसार : ‘मन की बात’ जनभागीदारी बढ़ाने व देशवासियों को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम : डॉ. कमल गुप्ता
बूथ स्तर पर डॉ. कमल गुप्ता ने सुना प्रधानमंत्री मोदी का 137वां ‘मन की बात’ कार्यक्रम
हिसार, 30 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम
‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का
रविवार को हिसार विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-12 पर सामूहिक रूप से प्रसारण सुना
गया। कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-33 वेलफेयर सोसायटी के प्रधान एवं बूथ समिति अध्यक्ष
धर्मवीर पानू के आवास पर किया गया। इस दौरान पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री
डॉ. कमल गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में बूथ समिति के पदाधिकारियों के
अलावा ओबीसी प्रमुख, बूथ पालक, पन्ना प्रमुख, कॉलोनी के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या
में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. कमल गुप्ता ने कहा
कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है।
यह कार्यक्रम लोगों को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में जनभागीदारी, सामाजिक
जागरूकता और राष्ट्रनिर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने
कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य
करने वाले लोगों और समाज के सकारात्मक प्रयासों को देश के सामने रखते हैं, जिससे अन्य
लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 137वें एपिसोड में
नशामुक्त भारत अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर इस तरह के सामूहिक
कार्यक्रम लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने
में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सुरेश गोयल धूप वाला, रामचंद्र गुप्ता, धर्मवीर पानू, बलबीर सिंह
भुंबक, धर्म सिंह खटकड़, अमित गर्ग, अमित बरौलिया, राजेंद्र सपड़ा, सुनीता कपूर, संजय
कपूर, नारायण दास, आलोक कुंधल, बीके बवेजा, जगदीश कुल्हाड़िया, शिव कुमार सहित अन्य
लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

