सोनीपत में सूखे मेवे का कारोबार करेंगे अमृतसर के व्यापारी

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत में सूखे मेवे का कारोबार करेंगे अमृतसर के व्यापारी


-मुख्यमंत्री से मुलाकात में रखा सूखे मेवे का थोक व्यापार का प्रस्ताव

चंडीगढ़, 25 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब के अमृतसर से व्यापारियों के एक शिष्टमंडल ने शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात करके सूखे मेवे के कारोबार को हरियाणा के सोनीपत में करने की इच्छा जताई है। व्यापारियों ने अपने व्यवसाय के विस्तार तथा हरियाणा में निवेश की संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान मजीठ मंडी, अमृतसर के व्यापारियों द्वारा सुखे मेवे के थोक व्यापार को सोनीपत में विस्तारित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इसे स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और निवेशकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृतसर से आए सभी व्यापारियों का हरियाणा में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार इज आफ डूइिंग बिजनेस के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अमृतसर के अतिरिक्त दिल्ली के खारी बावली तथा भगीरथ पैलेस जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों के विस्तार को भी राई (सोनीपत) क्षेत्र में पहले ही स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, चीफ कॉर्डिनेटर इंडस्ट्री सुनील शर्मा भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story