पंजाब सरकार युवाओं को स्थाई रोजगार व नशा तस्करी कार्रवाई पर जारी करे श्वेत पत्र : नायब सैनी
‘पंजाब बचाओ’ रैली में नायब सिंह सैनी का आह्वान, विकास, सुरक्षा और सुशासन का समय
चंडीगढ़, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अमृतसर में ‘पंजाब बचाओ रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। यह पावन भूमि है जहां से श्री हरमंदिर साहिब का ‘सरबत दा भला’ संदेश और जलियांवाला बाग के बलिदान विश्व को प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी महान और पवित्र धरती पर ‘पंजाब बचाओ’ का नारा लगाना पीड़ा भी देता है और संकल्प को मजबूत भी करता है। उन्होंने कहा कि आज आत्ममंथन की आवश्यकता है क्या पंजाब का नौजवान सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरे भविष्य की ओर बढ़ रहा है, या नशे और निराशा के अंधकार में धकेला जा रहा है। क्या किसान संतोष की सांस ले पा रहा है या कर्ज और अनिश्चित नीतियों के बोझ तले दबा है। क्या व्यापारी निडर होकर व्यापार कर रहा है या फिरौती और असुरक्षा के साये में जी रहा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार और ढीली प्रशासनिक व्यवस्था ने पंजाब को कमजोर किया। नशे की समस्या गांव-गांव तक पहुंची, पर कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रही। किसानों से कर्ज माफी और युवाओं को रोजगार के वादे किए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिखे।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद भी लोगों की अपेक्षाएं पूरी नहीं हुईं। चार वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नशा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ, न ही युवाओं को व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर मिले। मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार से श्वेत पत्र जारी कर यह बताने की मांग की कि पिछले वर्षों में कितने युवाओं को स्थायी रोजगार दिया गया और नशा तस्करी पर क्या ठोस कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी दी जा रही है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये की सहायता के लिए बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में जहां 1139 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए गए, वहीं भाजपा की डबल इंजन सरकार ने 15 हजार 500 करोड़ रुपये किसानों को प्रदान किए।
हरियाणा मे वृद्धावस्था सम्मान भत्ता के रूप में 3200 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। जबकि पंजाब मे आम आदमी पार्टी की सरकार ने 1500 रुपए से बढ़ाकर 2500 रुपए करने की बात कही जोकि आज तक पूरी नहीं की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा के लिए भाजपा को अवसर दे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में पंजाब की निर्णायक भूमिका होगी। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि भाजपा सरकार बनने पर पंजाब में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। इस अवसर पर श्वेत मलिक, कार्यक्रम संयोजक साहिब सिंह मुच्छल, रघुबीर सिंह छिन्दा, पूर्व विधायक बिशन सैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

