यमुनानगर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त,मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त,मामला दर्ज


यमुनानगर, 16 जून (हि.स.) यमुनानगर जिले के जठलाना गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना के बाद स्थानीय स्तर पर नाराजगी व्याप्त हो गई। ग्रामीणों ने घटना की निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी गई शिकायत में गांव के पंच आशु कुमार ने बताया कि गांव के अंबेडकर भवन परिसर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। आरोप है कि गांव जठलाना निवासी सूरजभान ने धारदार कृषि उपकरण से प्रतिमा पर प्रहार कर उसे क्षति पहुंचाई। घटना में प्रतिमा के दाहिने हिस्से तथा हाथ में दर्शाई गई संविधान की प्रति को नुकसान पहुंचा है। शिकायत में कहा गया है कि इस कृत्य से सार्वजनिक संपत्ति को हानि पहुंचने के साथ-साथ समाज के एक बड़े वर्ग की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित व्यक्ति का नाम इससे पूर्व भी इसी प्रकार की घटनाओं में सामने आ चुका है। बताया गया कि लगभग दस दिन पहले गांव के मंदिर परिसर में स्थापित संत रविदास की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाया गया था। उस समय सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने आपसी संवाद के माध्यम से स्थिति को संभालने का प्रयास किया था।

घटना की सूचना मिलने के बाद जठलाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है तथा जांच के निष्कर्षों के अनुरूप ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story