अम्बाला से मथुरा-वृंदावन के लिए सीधी एसी बस सेवा शुरू

WhatsApp Channel Join Now


-बिना बस बदले 9 घंटे में सीधे पहुंचे बांके बिहारी धाम

चंडीगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन जाने वाले श्रद्धालुओं को अम्बाला से अब प्रतिदिन सीधी एसी बस सेवा का लाभ मिलेगा। परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से बस सेवा अम्बाला से प्रारंभ हो गई है जिसका श्रद्धालुओं को अत्यधिक लाभ मिलेगा क्योंकि अब तक अम्बाला से मथुरा-वृंदावन के लिए कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। इस बस सेवा के प्रारंभ होने से श्रद्धालुओं ने परिवहन मंत्री अनिल विज का आभार भी व्यक्त किया है।

मथुरा-वृंदावन के लिए एसी बस प्रतिदिन प्रात: 5:30 बजे अम्बाला से चलेगी जबकि नौ घंटे के सफर के बाद दोपहर 2:30 बजे गंतव्य पर पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में बस रात्रि 8:30 बजे मथुरा से चलेगी जो कि नौ घंटे के सफर के बाद अम्बाला पहुंचेगी। इस बस सेवा के प्रारंभ होने से धार्मिक स्थली जाने के लिए यात्रियों को सुविधा उपलब्ध होगी। अम्बाला ही नहीं बल्कि पंचकूला, यमुनानगर, हिमाचल प्रदेश आदि जगहों से भी यात्रियों को इस बस सेवा का लाभ मिलेगा तथा भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धालु श्रीकृष्ण स्थली जाएंगे।

रोडवेज ने इस रूट के लिए दो बसें आरक्षित की हैं। दोनों बसें बारी-बारी से संचालित होंगी, जिससे सेवा नियमित बनी रहे। अभी तक अम्बाला से मथुरा-वृंदावन के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा उपलब्ध नहीं थी, जिससे श्रद्धालुओं को कई बार बस बदलनी पड़ती थी। नई सेवा शुरू होने से यात्रियों का समय तो बचेगा ही, परेशानी भी कम होगी।

बस प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे अंबाला छावनी बस अड्डे से रवाना होगी जोकि करनाल, पानीपत होते हुए दिल्ली, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल से करीब 395 किलोमीटर की दूरी तय कर दोपहर लगभग 2:30 बजे वृंदावन और मथुरा पहुंचेगी। लगभग नौ घंटे की इस यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। बस में पेयजल के लिए कैंपर की व्यवस्था भी की गई है, जिससे यात्रियों को लंबी यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story