जींद : कार्तिक व सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने लगाई पिंडारा तीर्थ में श्रद्धा की डुबकी

WhatsApp Channel Join Now
जींद : कार्तिक व सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने लगाई पिंडारा तीर्थ में श्रद्धा की डुबकी


जींद, 09 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक व सोमवती अमवस्या पर पांडू पिंडारा स्थित पिंडतारक तीर्थ पर सोमवार को श्रद्धालुओं ने स्नान कर पितृ तर्पण किया। इस साल कार्तिक मास की अमावस्या तिथि पर सोमवती अमावस्या का विशेष संयोग रहा। जिसके चलते सैंकडों श्रद्धालु पिंडारा तीर्थ पर पहुंचे और स्नान किया। इस मौके पर यहां मेले का भी आयोजन किया गया।

कार्तिक अमावस्या श्रद्धालुओं के लिए बेहद खास रहती है। इस दिन पितृ तर्पण करने से पितृ खुश होते हैं। साथ ही प्रत्येक माह आने वाली अमावस्या का हिंदू धर्म में काफी धार्मिक महत्व है। इस दिन व्रत करने का विधान है साथ ही पितरों को जलए तिल भी दिया जाता है। तड़के से ही श्रद्धालुओं ने सरोवर में स्नान तथा पिंडदान शुरू कर दिया जो मध्यान्ह के बाद तक चलता रहा। इस मौके पर दूर दराज से आएं श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान किया तथा सूर्यदेव को जलार्पण करके सुख समृद्धि की कामना की। पिंडतारक तीर्थ के संबंध में किदवंती है कि महाभारत युद्ध के बाद पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पांडवों ने यहां 12 वर्ष तक सोमवती अमावस्या की प्रतीक्षा में तपस्या की।

बाद में सोमवती अमावस के आने पर युद्ध में मारे गए परिजनों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान किया। तभी से यह माना जाता है कि पांडू पिंडारा स्थित पिंडतारक तीर्थ पर पिंडदान करने से पूर्वजों को मोक्ष मिल जाता है। महाभारत काल से ही पितृ विसर्जन की अमावस्या, विशेषकर सोमवती अमावस्या पर यहां पिंडदान करने का विशेष महत्व है। यहां पिंडदान करने के लिए विभिन्न प्रांतों के लोग श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं ने यहां खरीददारी भी की। पांडू पिंडारा स्थित डेरा घिसा पंथी के महंत स्वामी राघवानंद ने बताया कि सोमवती अमावस्या, दीपावली और कार्तिक मास के इस पावन संयोग के ऐतिहासिक व आध्यात्मिक महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वेदों में सोमतीर्थ का विशेष उल्लेख मिलता है। आज का यह दिन त्रिवेणी संगम की भांति कई पर्वों का अनूठा महासंयोग है। एक ओर जहां सोमवती अमावस्या पर पितृ तर्पण हो रहा है वहीं दूसरी ओर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अधर्म पर विजय पाकर अयोध्या लौटने की खुशी में दीपावली का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story