पलवल : जन-जन से जुड़ने का सशक्त और प्रभावी माध्यम बना ‘मन की बात’ कार्यक्रम :गौरव गौतम

WhatsApp Channel Join Now
पलवल : जन-जन से जुड़ने का सशक्त और प्रभावी माध्यम बना ‘मन की बात’ कार्यक्रम :गौरव गौतम


पलवल, 31 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार में खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को वृंदा अपार्टमेंट न्यू कॉलोनी पलवल में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ भारत देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125 वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया। ‘मन की बात’ कार्यक्रम श्रवण उपरांत खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपनी मेहनत से देशहित में योगदान देने वाले नागरिकों के अनुभवों को साझा करते हैं जिससे आमजन को प्रेरणा मिलती है।

‘मन की बात’ कार्यक्रम को जनसंचार के क्षेत्र में एक अनूठी पहल माना जाता है। इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री सीधे नागरिकों से संवाद करते हैं और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों, सामाजिक विकास, नवाचार और प्रेरणादायक कहानियों को साझा करते हैं। इसका उद्देश्य न केवल सरकार और जनता के बीच दूरी कम करना है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम आज जन-जन से जुडऩे का सशक्त और प्रभावी माध्यम बन गया है।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘वोकल फॉर लोकल’ को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिसका जिक्र प्रधानमंत्री ने आज के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी किया है। ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के मूल में यही विचार है कि यदि देश के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा तो छोटे-छोटे उद्यमियों का विकास होगा और धीरे-धीरे उनके उत्पाद वैश्विक बनते जाएंगे, जिससे ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों का विकास और प्रसार ही आत्मनिर्भरता के द्वार की मुख्य कुंजी है। उन्होंने लोगों से स्वदेशी बनाने और स्वदेशी उपयोग करने का आह्वान करते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत की कला और परंपराएं वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रही हैं और देश की सनातन संस्कृति भी आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और सभ्यता की गूंज अब पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, एलडी वर्मा, प्रवीण ग्रोवर, सचिन ग्रोवर सहित अन्य कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766288 Articles

Share this story