यमुनानगर में 6 हजार अल्प्राजोलम गोलियां बरामद, सप्लायर समेत दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में 6 हजार अल्प्राजोलम गोलियां बरामद, सप्लायर समेत दो गिरफ्तार


यमुनानगर, 15 सितंबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6,000 अल्प्राजोलम गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में दवा लेकर जा रहे युवक के साथ कथित मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से प्रतिबंधित नशीली दवाएं लेकर यमुनानगर पहुंचेगा। सूचना पर जगाधरी के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद छछरौली की ओर से बाइक पर आए युवक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ वीरेंद्र कुमार की मौजूदगी में तलाशी ली गई। बरामद दवाओं की जांच के लिए ड्रग कंट्रोलर डॉ. बिंदु शर्मा से रिपोर्ट ली गई। पुलिस के अनुसार, दवाएं 6,000 अल्प्राजोलम गोलियां पाई गईं। आरोपी इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

आरोपी की पहचान आजाद नगर निवासी आशु गुप्ता के रूप में हुई। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि गोलियां रामपुर खादर निवासी शैलेंद्र से ली थीं। इसके बाद टीम ने शैलेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शैलेंद्र ने नत्थनपुर बस स्टैंड पर अस्पताल खोल रखा है। पुलिस अब इस अस्पताल और दवाओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि प्रतिबंधित दवाएं कहां से लाई गईं और आगे किसे सप्लाई की जानी थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story