फतेहाबाद : ट्रांसफार्मर बदलने की एवज में लाइनमैन रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
फतेहाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकंजा कसते हुए विजिलेंस की टीम ने गुरूवार को रतिया क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विजिलेंस टीम ने बिजली निगम के सहायक लाइनमैन को ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर बदलने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी सहायक लाइनमैन की पहचान सतपाल सिंह के रूप में हुई है, जो गांव जमालपुर का रहने वाला है। वर्तमान में उसकी तैनाती रतिया क्षेत्र के गांव रत्ता खेड़ा में थी।
जानकारी के अनुसार गांव रत्ता खेड़ा निवासी शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने विजिलेंस विभाग को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसके खेत के ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। ट्रांसफार्मर को बदलवाने के काम के बदले एएलएम सतपाल सिंह उससे 15 हजार रुपये की अवैध रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने इसकी सूचना विजिलेंस को कर दी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस विभाग के इंचार्ज मनमोहन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और आरोपी को पकडऩे के लिए पूरी योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार, सरदूलगढ़ रोड, रतिया पर जैसे ही शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने आरोपी लाइनमैन सतपाल सिंह को केमिकल लगे 15 हजार रुपये सौंपे, वैसे ही आसपास मुस्तैद विजिलेंस टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया। मौके पर ही जब लाइनमैन के हाथ धुलाए गए तो केमिकल का रंग सामने आ गया, जिसके बाद विजिलेंस टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर ली। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लाइनमैन सतपाल सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से तफ्तीश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

