जींद : धान खरीद में कटौती के विरोध में मार्केट कमेटियों में तालाबंदी करेंगे किसान संगठन

WhatsApp Channel Join Now
जींद : धान खरीद में कटौती के विरोध में मार्केट कमेटियों में तालाबंदी करेंगे किसान संगठन


जींद : धान खरीद में कटौती के विरोध में मार्केट कमेटियों में तालाबंदी करेंगे किसान संगठन


जींद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा की अनाज मंडियों में धान खरीद के दौरान किसानों को कथित तौर पर हो रही आर्थिक परेशानी और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम भुगतान के विरोध में किसान संगठनों ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। शनिवार को नरवाना में आयोजित बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा और हरियाणा किसान, मजदूर संघर्ष मोर्चा से जुड़े प्रतिनिधियों ने आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की विभिन्न अनाज मंडियों में धान की खरीद के दौरान किसानों को निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य से 200 से 400 रुपये प्रति क्विंटल तक कम भुगतान किया जा रहा है।

सुमित दलाल ने उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद प्रक्रिया में व्यापारियों, संबंधित अधिकारियों और मार्केटिंग बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। किसान संगठनों ने पूरे मामले की जांच कर किसानों को उनकी फसल का पूरा मूल्य दिलाने की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से किसानों का एक-एक दाना खरीदने की बात कही जाती हैए लेकिन जमीनी स्तर पर खरीद प्रक्रिया में अनेक समस्याएं सामने आ रही हैं। जिलेवार खरीद की तारीखों में अंतर, पोर्टल संबंधी दिक्कतों और सत्यापन प्रक्रिया में देरी के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिलों में खरीद शुरू होने की तारीखें अलग होने और सत्यापन में देरी से मंडियों में किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

किसान नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की कई मंडियों में हालात चिंताजनक हैं और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से खरीद व्यवस्था में तत्काल सुधार करने की मांग की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 14 अक्टूबर को हरियाणा की सभी मार्केट कमेटियों में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि धान खरीद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिला तो 14 अक्टूबर को आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी। किसान संगठनों ने सरकार से मांग की कि मंडियों में धान की खरीद सुचारु रूप से करवाई जाए, सत्यापन संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाए और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story