जींद : नागरिक अस्पताल इमरजेंसी में आए मरीज के साथ मारपीट

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नागरिक अस्पताल इमरजेंसी में आए मरीज के साथ मारपीट


जींद, 06 नवंबर (हि.स.)। नागरिक अस्पताल में गुरूवार देर शाम को इमरजेंसी में उपचार के लिए आए एक व्यक्ति को सीटी स्कैन सिक्योरटी गार्ड ने पीट-पीट कर घायल कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। फिलहाल जिस मरीज को थप्पड़ जड़े गए हैं, वह अस्पताल में भर्ती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रोहतक रोड स्थित भगवान नगर निवासी सन्नी टैक्सी ड्राइवर के तौर पर काम करता है। गुरुवार को उनका अपने ही मामा के लड़कों के साथ झगड़ा हो गया था। जिसमें वह तथा उसकी पत्नी भावना को चोटें आई। वह तुरंत प्रभाव से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां मौजूद चिकित्सक ने उनकी कोई सुध नहीं ली। वह लगातार एमएलआर कटवाने की बात कहते रहे लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।

सन्नी के अनुसार यहां तीन घंटे तक उसे व उसकी पत्नी को उपचार नहीं मिला। दर्द बढऩे पर उसने डाक्टर से दर्द की दवा देने को कहा लेकिन बार-बार मांग करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने डाक्टर के पास बार-बार जाने पर उसे धमकाया। उसने दवा देने या रेफर करने की बात कही तो गार्ड ने उस पर थप्पड़ व मुक्कों से हमला कर दिया। जबकि वह वर्दी भी नहीं पहने हुआ था। इस दौरान उसकी पत्नी भावना के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उसे पीटा गया। सन्नी ने आरोप लगाया कि घटना के वक्त अस्पताल में पुलिसकर्मी भी मौजूद थे लेकिन उन्होंने बीचबचाव नहीं किया। पिटाई के बाद ही पुलिसकर्मी उसके पास आए और डाक्टर से उसे दवा दिलवाई।

नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुवीर पूनिया ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। फिलहाल उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की तह तक जाने के लिए जांच कमेटी का गठन कर जांच करवाई जाएगी। अस्पताल में आए मरीजों के साथ ऐसा व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story