सिरसा: मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा एजेंट की तरह काम कर रहे हैं: डा. सुशील गुप्ता
सिरसा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारतीय जनता पार्टी के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। अब तक पूरे देश में करीब 14 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा चुके हैं। जहां भी चुनाव होते हैं, जानबूझकर असमंजस की स्थिति पैदा कर दी जाती है। डॉ. सुशील कुमार शुक्रवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के वोटों से नहीं, बल्कि चुनाव आयोग, सीबीआई और ईडी के दुरुपयोग से चुनाव जीतने की घटिया राजनीति करती है। पहले दिल्ली, फिर पश्चिम बंगाल, हरियाणा और अब पंजाब में यही हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मुकदमा दर्ज कर उनका इस्तीफा लिया जाए। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा नशे के दलदल में धंस चुका हैं, जिनमें से 16 जिले गंभीर रूप से रेड जोन में हैं। राज्य में चिट्ठा, अफीम, गांजा, हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स का कारोबार पूरी तरह सरकारी संरक्षण में फल-फूल रहा है। हाल ही में नारनौल जैसी जगहों पर पुलिसकर्मियों की संलिप्तता भी सामने आई है। सिरसा जिले में स्थिति इतनी भयावह है कि नशे के कारण हर रोज औसतन एक युवा अपनी जान गंवा रहा है। इसके बावजूद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य की सुध लेने के बजाय पंजाब में रैलियां निकाल कर ड्रामा कर रहे हैं।
हरियाणा की मंडियों में अब तक लगभग 15 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। लेकिन 17 प्रतिशत नमी का बहाना बनाकर किसानों को 15-15 दिनों तक मंडियों में रुलाया जा रहा है। किसान मजबूरन 300 से 400 प्रति क्विंटल के नुकसान पर अपनी फसल बेचने को विवश हैं। मुख्यमंत्री केवल मीडिया में एमएसपी का ढिंढोरा पीट रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत में बिचौलिये और अधिकारी किसानों से अवैध वसूली कर रहे हैं। फसल बिक्री की पेमेंट के नाम पर केवल तारीखें मिल रही है। डीएपी खाद के लिए किसान भटक रहे है और प्रशासन कोरे टोकन बांट रहा है।
इससे पहले डॉ. सुशील गुप्ता ने रानियां, ऐलनाबाद और सिरसा विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। उनके साथ पार्टी जिला अध्यक्ष हैप्पी रानियां, कुलदीप गदराना, कविता नागर, श्याम लाल मेहता, हंसराज सामा, डा. सुकेश अरोड़ा, राजेश मलिक, बलविंदर सिंह मनप्रीत सिंह, गोरा बराड़, दीदार सिंह, प्रदीप सचदेवा व पंकज शर्मा साथ रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

