जींद : जमीन का सौदा कर पांच लाख रुपये हड़पे, दंपत्ति पर मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
जींद : जमीन का सौदा कर पांच लाख रुपये हड़पे, दंपत्ति पर मामला दर्ज


जींद, 29 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना सफीदों पुलिस ने जमीन की सौदेबाजी कर पांच लाख रुपये हड़पने तथा सौदा हुई जमीन को अपनी पत्नी के नाम ट्रांसफर करवाने पर दपंत्ति के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सफीदों निवासी विक्रम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव खेड़ा खेमावती निवासी रोशन से 30 जनवरी 2025 जमीन का सौदा किया था। उसने रोशन को पांच लाख रुपये देकर इकरारनामा कर लिया था। बकाया राशि रजिस्ट्री के समय देने का वादा किया गया था। रजिस्ट्री के लिए 11 महीने का समय लिया गया। उस दौरान यह भी तय हुआ था कि अगर रजिस्ट्री करवाने से मना किया तो अदालत के माध्यम से रजिस्ट्री करवाई जाएगी। जिसके बाद आरोपित ने कहा कि उनका मामला हिस्से को लेकर अदालत में चला हुआ है। उसका फैसला होने के बाद वह रजिस्ट्री करवा देगा।

जुलाई 2025 में हिस्से का फैसला भी हो गया। जनवरी 2026 में उसने आरोपित रोशन को रजिस्ट्री करवाने को कहा। आरोपित कोई न कोई बहाना बनाता रहा । जब उसने अपने स्तर पर छानबीन की तो पता चला कि आरोपित रोशन ने सौदा हुई जमीन को अपनी पत्नी सुमन के नाम ट्रांसफर कर दिया है। जब उसने आरोपित से धोखाधड़ी करने के बारे में पूछा तो आरोपित ने रुपये लौटाने तथा रजिस्ट्री करवाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। सदर थाना सफीदों पुलिस ने विक्रम की शिकायत पर रोशन तथा उसकी पत्नी सुमन के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को जानकारी देते हुए सदर थाना सफीदों के जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन का सौदा कर राशि हड़पने की शिकायत मिली थी। फिलहाल दंपत्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story