नूंह ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा:तीन अगस्त को बंद रहेंगे सभी स्कूल

WhatsApp Channel Join Now

नूंह, 31 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले में आगामी तीन अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर नूंह जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में तीन अगस्त को अवकाश घोषित किया है।

जारी आदेशों के अनुसार, यात्रा के दौरान जिले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने और व्यापक सुरक्षा प्रबंधों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। आदेश जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू रहेगा।

गौरतलब है कि 3 अगस्त को ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा नूंह के नल्हड़ेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर महादेव मंदिर और पुन्हाना के श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर तक निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर प्रशासन ने जिले में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल, अर्धसैनिक बल तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल संचालकों से आदेशों का पालन करने तथा बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story