कैथल: सांसद नवीन जिंदल के प्रयासाें से कराटे चैंपियन अलीशा चौधरी को एशियन गेम्स की मिली मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: सांसद नवीन जिंदल के प्रयासाें से कराटे चैंपियन अलीशा चौधरी को एशियन गेम्स की मिली मंजूरी


कैथल, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के कस्बा पूंडरी की कराटे खिलाड़ी अलीशा चौधरी के लिए बड़ी खबर सामने आई है। जून में एशियाई सीनियर कराटे चैंपियनशिप में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली अलीशा को अब आगामी एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने की आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। लंबे समय से अटके इस मामले में सांसद नवीन जिंदल के लगातार प्रयास निर्णायक साबित हुए।

अलीशा चौधरी ने जून 2026 में इंडोनेशिया के बाली में आयोजित 22वीं एशियाई सीनियर कराटे चैंपियनशिप की महिला कुमिते (55 किलोग्राम) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह कराटे में भारत के लिए एशियाई चैंपियनशिप का पहला स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ी बनी थीं। हालांकि सभी खेल मानकों को पूरा करने के बावजूद भारत में कराटे का मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) नहीं होने के कारण उनके एशियन गेम्स में शामिल होने पर संशय बना हुआ था। इसी बीच जुलाई के पहले सप्ताह में अलीशा ने कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल से मुलाकात कर अपनी समस्या से अवगत कराया।

सांसद नवीन जिंदल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे खेल मंत्रालय के समक्ष उठाया। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पी.टी. उषा से भी व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर अलीशा के पक्ष में पैरवी की। इन प्रयासों के बाद खेल मंत्रालय ने अलीशा चौधरी को एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने की आधिकारिक अनुमति दे दी है। इस फैसले से खिलाड़ी और उसके समर्थकों में खुशी का माहौल है। सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि होनहार खिलाड़ियों का भविष्य प्रशासनिक बाधाओं की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और आईओए अध्यक्ष पी.टी. उषा का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि अलीशा एशियन गेम्स में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story