सोनीपत में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर पुलिस अलर्ट, दिल्ली सीमा पर नाकेबंदी
सोनीपत, 01 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए रविवार से लागू
सख्त नियमों के मद्देनजर सोनीपत में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। दिल्ली सीमा सहित
जिले में कई स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। नियमों के तहत तय
प्रदूषण मानकों पर खरे उतरने वाले वाहनों को ही दिल्ली की ओर जाने दिया जा रहा है।
नए नियमों के अनुसार, दिल्ली के बाहर पंजीकृत बीएस-6 से कम
मानक वाले पेट्रोल और डीजल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इनमें बीएस-3 और बीएस-4
श्रेणी के वाहन शामिल हैं। इसका असर सोनीपत सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गुरुग्राम,
फरीदाबाद और झज्जर में भी दिखाई दे रहा है। सोनीपत से सटे सिंधु-कुंडली, सबोली और औचंदी सीमा क्षेत्रों
में पुलिस निगरानी कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर भी पुलिस टीमों को सतर्क रखा
गया है। फिलहाल सीमावर्ती मार्गों पर यातायात पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। पुलिस
और परिवहन विभाग वाहन चालकों की जांच के साथ उन्हें नए नियमों की जानकारी दे रहे हैं।
सर्वोच्च न्यायालय और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों
के अनुसार, दिल्ली में प्रवेश नहीं करने वाले और प्रतिबंधित श्रेणी के व्यावसायिक वाहनों
को कुंडली-मानेसर-पलवल तथा कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जा रहा है। फरीदाबाद में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान
काटे जा रहे हैं, जबकि गुरुग्राम में पुलिस की विशेष टीमें वाहनों की जांच कर रही हैं।
अधिकारियों की ओर से वाहन चालकों, बस संचालकों और ट्रांसपोर्टरों को प्रतिबंधित वाहनों
के साथ दिल्ली नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। सोनीपत पुलिस और यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की
है कि दिल्ली जाने से पहले अपने वाहन का प्रदूषण मानक और वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र
(पीयूसी) जांच लें। बीएस-6 से कम मानक वाले वाहन चालक दिल्ली जाने से बचें और वैकल्पिक
मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि चालान और यातायात संबंधी परेशानी से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

