अजीत सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल का जन्मदिन मनाया

WhatsApp Channel Join Now
अजीत सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल का जन्मदिन मनाया


नूंह, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सेवादार के पद पर कार्यरत अजीत सिंह ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल बिश्नोई का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके साथ बिताए समय को याद किया। अजीत सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल बिश्नोई का जन्म 6 अक्टूबर 1930 को तत्कालीन बहावलपुर रियासत के गांव कोडावाली में हुआ था, जो वर्तमान में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित है। उन्होंने बताया कि चौधरी भजनलाल तीन बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने वर्ष 1979, 1982 और 1991 में मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की बागडोर संभाली। उनका निधन 3 जून 2011 को हिसार में हुआ था।

अजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब 10 वर्षों तक पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की सेवा की। उन्होंने कहा कि जब चौधरी भजनलाल हिसार रेस्ट हाउस आते थे तो वे उन्हें अपने बेटे की तरह स्नेह देते थे। उनके साथ सुख-दुख में रहने का अवसर मिला, जिसे वे आज भी अपने जीवन की महत्वपूर्ण यादों में शामिल करते हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी भजनलाल सरल स्वभाव और जनसरोकारों से जुड़े हुए महान व्यक्तित्व थे। उनके व्यवहार और कार्यशैली से उन्हें काफी प्रेरणा मिली। यही कारण है कि पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार के साथ उनका जुड़ाव आज भी बना हुआ है।

अजीत सिंह ने कहा कि चौधरी भजनलाल की स्मृतियां उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगी और उनके प्रति सम्मान एवं स्नेह सदैव कायम रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story